काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन शाह नेपाल के 2026 चुनावों में सबसे चर्चित चेहरा बनकर उभरे हैं। 35 साल के बालेन एक आयुर्वेदिक डॉक्टर के बेटे हैं। बचपन से कविता में रुचि रखने वाले बालेन आगे चलकर रैप संगीत की दुनिया में आ गए। अमेरिका के मशहूर रैपर टुपैक शकुर और 50 सेंट से प्रेरित होकर उन्होंने नेपाल में अपनी एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने नेपाल से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और कर्नाटक के विश्वेश्वरैया तकनीकी विश्वविद्यालय से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री ली।
2019 का गाना और राजनीति में एंट्री
साल 2019 में उनका गाना ‘बलिदान’ काफी पसंद किया गया। इस गाने में उन्होंने नेपाल की राजनीतिक व्यवस्था पर सीधे सवाल उठाए थे। इसके बाद बालेन ने ‘परिवर्तन का समय’ के नारे के साथ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर काठमांडू के मेयर का चुनाव जीता। मेयर के रूप में उन पर सड़कें साफ कराने के नाम पर रेहड़ी-पटरी वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के आरोप भी लगे। पिछले साल जब तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा, तब बालेन ने युवाओं से कहा था कि उनके हत्यारे का इस्तीफा आ गया है और अब उनकी पीढ़ी को देश की बागडोर संभालनी होगी।
विवादों से भरा रहा राजनीतिक करियर
नवंबर 2025 में उनके एक फेसबुक पोस्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी। उस पोस्ट में उन्होंने अमेरिका, भारत और चीन के साथ-साथ नेपाल के सभी बड़े राजनीतिक दलों यूएमएल, कांग्रेस और माओवादी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। पोस्ट बाद में हटा ली गई, लेकिन उसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर फैल चुके थे। इससे पहले वे नेपाल के शासन केंद्र सिंह दरबार को आग लगाने की धमकी देकर भी विवादों में आ चुके थे।
RSP में शामिल हुए, PM पद के दावेदार बने
दिसंबर 2025 में बालेन शाह ने रबी लामिछाने के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी यानी RSP का दामन थाम लिया। पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। मेयर पद से इस्तीफा देकर उन्होंने झापा-5 सीट से चुनाव लड़ा। युवा वर्ग में उनकी लोकप्रियता के चलते उन्हें अगले प्रधानमंत्री की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है।
RSP का घोषणापत्र और आर्थिक लक्ष्य
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने अपने घोषणापत्र में आर्थिक सुधारों को सबसे ऊपर रखा है। पार्टी ने 12 लाख नई नौकरियां पैदा करने और युवाओं के विदेश जाने का सिलसिला रोकने का वादा किया है। नेपाल की प्रति व्यक्ति आय को मौजूदा 1,447 डॉलर से बढ़ाकर 3,000 डॉलर तक ले जाने और देश की जीडीपी को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।
महंगी कार और आलोचनाओं का सामना
चुनाव प्रचार के दौरान बालेन शाह उस वक्त आलोचनाओं के घेरे में आ गए जब उन्हें झापा-5 में करीब चार करोड़ नेपाली रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार में घूमते देखा गया। उनके आलोचकों का कहना है कि वे पुराने नेताओं को चुनौती देने की बात करते हैं, लेकिन उनकी अपनी जीवनशैली अब उन्हीं जैसी हो गई है। नेपाल अब चुनाव के नतीजों का इंतजार कर रहा है। एक रैपर और सोशल मीडिया स्टार से देश के संभावित प्रधानमंत्री तक का बालेन शाह का यह सफर 2026 के चुनावों की सबसे बड़ी कहानी बन चुका है।